काठमांडू में अनियंत्रित वाहन से कुचलकर 5 भारतीयों की मौत (लीड-2)
काठमांडू, 5 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल की राजधानी काठमांडू में जन्मदिन की पार्टी से मंगलवार देर रात घर वापस लौट रहे एक युवक की तेज रफ्तार कार की चपेट में आ जाने से पांच भारतीयों सहित छह लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात 12.45 बजे हुआ। 21 वर्षीय युवक बिप्लब मानसिंह डांगोल ने गति सीमा के नियम को तोड़ते हुए अपनी टोयोटा कार से काठमांडू के सबसे पुराने अस्पताल के सामने भीड़ भरे मार्ग पर कई लोगों को कुचल दिया।
घटना में अस्पताल से वापस लौट रहे पांच भारतीयों और एक नेपाली किशोर की मौत हो गई। पहले ऐसे समाचार आए थे कि सभी मृतक भारतीय हैं।
भारतीय मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं और ये सभी बिहार प्रांत के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति को सिर में गंभीर चोट आई है और वह अस्पताल में जीवन मृत्यु से संघर्ष कर रहा है।
दुर्घटना के बाद लोगों ने मुख्य सड़क पर यातायात बाधित कर दिया और पुलिस विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने के प्रति पुलिस गंभीर नहीं है।
दुर्घटना उस समय हुई जब शहर के बीरभूमि अस्पताल में उपचार करवाकर 15 वर्षीय संजीव गुप्ता का परिवार घर वापस लौट रहा था। बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी संजीव को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि कार के टक्कर मारने के बाद संजीव सहित छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। सीतामढ़ी के ही रहने वाले मदन कुमार गुप्ता (29) और कृष्णा देवी गुप्ता भी इस हादसे का शिकार बने।
हादसे में मोतीहारी जिले के निवासी धर्मनाथ सिंह (50), उनकी पत्नी वीना सिंह (46 वर्ष) और एक अन्य किशोर की मौत हो गई। दीपक गुप्ता (28) नामक युवक इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गया।
कार काठमांडू निवासी शांति मानसिंह की है। हादसे के समय उनका बेटा बिप्लब मानसिंह इसे चला रहा था। वह अब फरार है। पुलिस ने उसके पिता और बड़े भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications