जम्मू एवं कश्मीर में 7 आतंकवादी मारे गए (लीड-1)
आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का एक सेक्शन कमांडर बुधवार को डोडा जिले में मारा गया। कुपवाड़ा जिले में तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में सेना ने छह आतंकवादियों को मार गिराया।
आतंकवादियों की उपस्थिति की सूचना के बाद सेना ने डोडा जिले के सरवाल के जंगलों की घेराबंदी कर दी। मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन का सेक्शन कमांडर नूर मुहम्मद मारा गया जबकि उसके रिश्तेदार एक 10 वर्षीय लड़के को पकड़ लिया गया।
सेना के एक प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल बिप्लब नाथ ने आईएएनएस को बताया कि सेना और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ बुधवार सुबह आरंभ हुई और एक घंटे में समाप्त हो गई।
मुहम्मद पिछले 10 वर्षो से इलाके में सक्रिय था और कई नागरिकों की हत्या में शामिल था। आतंकवादी के पास से एक कलाश्निकोव राइफल और कुछ गोलियां बरामद की गईं।
उधर सेना के जवानों ने सुबह तंगधार इलाके में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ का एक प्रयास विफल करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया।
पार्कियन गांव में दो अन्य आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के एक समूह को आत्मसमर्पण के लिए कहा लेकिन उन्होंने गोलीबारी आरंभ कर दी, जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकवादी मारे गए।
केरान सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर मंगलवार देर रात सेना ने दो आतंकवादियों को मार गिराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications