अमेरिकी हमले में बैतुल्लाह महसूद की पत्नी की मौत (लीड-1)
इस्लामाबाद, 5 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के संदिग्ध चालक रहित विमान के एक हमले में पाकिस्तान के दक्षिणी वजीरिस्तान इलाके में तालिबान नेता बैतुल्लाह महसूद की पत्नी की मौत हो गई है। टीवी चैनलों ने बुधवार को यह खबर दी है।
टीवी चैनलों में कहा गया है कि चालक रहित विमान ने महसूद के ससुर अकरमुद्दीन के घर पर हमला किया। हमले में चार लोगों की मौत हुई और दो घायल हुए।
रिश्तेदारों ने बताया कि मृतकों में महसूद की पत्नी भी शामिल है लेकिन इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों के अनुसार हमले में घर पूरी तरह तबाह हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार हमले के समय अनेक मेहमान भी घर में मौजूद थे।
पाकिस्तान के बार-बार के विरोध के बावजूद अमेरिका ने चालक रहित विमानों के हमले बंद नहीं किए हैं। पाकिस्तान का कहना है कि निर्दोष लोगों की मौतें होने से जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
अधिकारियों के अनुसार अगस्त 2008 से अब तक चालक रहित विमानों के 40 हमलों में 400 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications