स्वाइन फ्लू से अब दूसरी मौत नहीं : स्वास्थ्य मंत्रालय
ज्ञात हो कि इलाज में देरी के कारण सोमवार को पुणे में एक 14 वर्षीय फ्लू पीड़ित छात्रा की मौत हो गई थी।
स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए नए दिशानिर्देशों को जारी करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव विनीत चौधरी ने कहा कि खास सरकारी अस्पतालों में ही मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा।
चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, "हम लोगों की चिंताओं को दूर करना चाहते हैं और हम नहीं चाहते कि पुणे की घटना दोहराई जाए।"
चौधरी ने कहा कि लोगों की इस चिंता के बाद कि उन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में अलग वार्डो में रखा जाएगा, नए दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं। लेकिन चिकित्सक की इजाजत पर मरीज को घर जाने की भी अनुमति दी जा सकती है।
चौधरी ने कहा कि मौसमी फ्लू के कारण तमाम लोगों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में चिकित्सकीय जांच से ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति स्वाइन फ्लू से पीड़ित है या नहीं।
उन्होंने कहा कि फ्लू जैसे लक्षण वाले हर व्यक्ति को किसी निर्धारित सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जाना चाहिए।
चौधरी ने कहा, "चिकित्सकीय परीक्षण के बाद जिम्मेदार चिकित्सक इलाज के बारे में निर्णय लेगा। गंभीर मामलों को छोड़ कर बाकी लोगों को घर जाने की अनुमति दे दी जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications