पूर्व नेपाल नरेश ज्ञानेंद्र फिर भारत की यात्रा करेंगे!
काठमांडू, 4 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र बीर विक्रम शाह इस वर्ष दोबारा भारत दौरे की योजना बना रहे हैं। इस बार उन्हें एक नहीं, बल्कि अपनी रिश्तेदारी में दो-दो शादियों में हिस्सा लेना है।
दिसंबर महीने में दो भतीजियों की एक के बाद एक होने वाली शादियों में भारत और नेपाल के दो पूर्व नरेशों का संगम होगा।
पहली शादी दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित होगी। यह शादी पूर्व चरखारी रियासत से संबंधित ज्ञानेंद्र की एक भतीजी की है। इस रियासत की स्थापना वर्ष 1765 में बिहार के बुंदेला राजाओं ने की थी। यह शादी मध्य प्रदेश में प्रेम का मंदिर कहे जाने वाले खजुराहो कस्बे में होगी।
ज्ञानेंद्र की दूसरी भतीजी की शादी 10 दिसंबर को है। यह दूसरी भतीजी ज्ञानेंद्र की चाची और पूर्व मयूरभंज रियासत की महारानी भारती की पोती है। यह शादी उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर में होनी है।
पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र के साथ उनकी पत्नी कोमल और परिवार के अन्य सदस्य भी होंगे।
इसके पहले फरवरी महीने में पूर्व नेपाल नरेश ने अपनी एक अन्य भतीजी की शादी में हिस्सा लेने के लिए भोपाल की यात्रा की थी। उस दौरान वह लगभग एक महीने भारत में रहे थे और उन्होंने प्रसिद्ध हिंदू मंदिरों के दर्शन किए थे तथा भारतीय नेताओं से मुलाकात की थी।
फरवरी में महीने में ज्ञानेंद्र की भारत की यात्रा, वर्ष 2006 में नेपाल में राजशाही समाप्त होने के बाद पहली विदेश यात्रा थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*