बाढ़ की स्थिति में सुधार, तटबंध मरम्मत का कार्य जारी (लीड-1)
राज्य के जल संसाधन मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया, "सीतामढ़ी में बागमती नदी के टूटे तटबंध की मरम्मत का कार्य वरीय अभियंताओं की देखरेख में युद्घस्तर पर कराया जा रहा है। अगर क्षेत्र में बारिश नहीं हुई तो दो दिन के अंदर तटबंध मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।"
यादव ने बताया कि तटबंध के निर्माण की जांच के लिए एक चार सदस्यीय समिति बनाई गई है जो तटबंध निर्माण में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि तटबंध निर्माण में गड़बड़ी करने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इधर, जल संसाधन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग खुद इस बात को लेकर हैरान है कि मात्र 500 से 1000 क्यूसेक जलस्राव में ही बागमती का यह तटबंध कैसे टूट गया? जबकि उसकी क्षमता कई लाख क्यूसेक जलस्राव सहने की है। विभाग ने अपने स्तर से भी इसकी छानबीन प्रारंभ कर दी है।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यासजी ने मंगलवार को बताया कि सीतामढ़ी जिले को बाढ़ राहत कार्य के लिए छह करोड़ रुपए उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और रूनीसैदपुर प्रखंड में दो स्थानों पर विशेष राहत शिविर चलाए जा रहे हैं।
सीतामढ़ी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार वर्मा ने मंगलवार को बताया कि बाढ़ प्रभावित 103 गांवों में से करीब 30 से 40 गांवों में बाढ़ का पानी कम हुआ है। इस कारण वहां की स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में अभी भी राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) के जवान दो दर्जन मोटर बोटों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
वर्मा ने बताया कि मंगलवार से रूनीसैदपुर प्रखंड कार्यालय में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटने के लिए छह काउंटर बना दिए गए जिसकी जिम्मेवारी आठ प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 50 किलोग्राम गेहूं तथा 50 किलोग्राम चावल और 250 रुपए नकद दिये जा रहे हैं।
इस बीच मुजफ्फरपुर जिले में बाढ़ की स्थिति में सुधार के संकेत है। कुछ गांवों में बाढ़ के पानी में कमी आई है। जिलाधिकारी विपिन कुमार के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-77 तथा 110 पर भी पानी कम हो गया है। इस कारण इन सड़कों पर छोटे वाहनों का आवागमन प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications