मध्य प्रदेश में 2 की गोली मारकर हत्या
रीवा, 3 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में रीवा जिले के डहोरा क्षेत्र में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। मरने वाले दोनों व्यक्ति एक निजी बस के कर्मचारी हैं ।
डहोरा क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी ) धीरेंद्र छिरौलिया ने आईएएनएस को बताया कि रविवार रात देवखर निवासी भोला नापित और दिवाकर पांडे एक अन्य साथी गुलाब गुप्ता के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे तभी बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में भोला नापित और दिवाकर पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। गुलाब गुप्ता को मामूली चोट आई है ।
पुलिस को संदेह है कि यह हत्या साजिश के तहत की गई है। पुलिस इस वारदात में घायल हुए गुलाब से भी पूछताछ करने की तैयारी में है ।
इन्डो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications