बरेली में थाना-प्रभारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
जानकारी के मुताबिक ईंट भट्ठे में मजदूरी करने वाले तीन व्यक्ति बरेली स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी रविवार देर रात रेलवे स्टेशन के निकट जिले की भोजीपुरा थाने की पुलिस तीनों (अहमद, छोटे और सलीम) को पकड़कर थाने ले आई और तीनों की थाने में कथित तौर पर जमकर पिटाई की। इस दौरान सलीम की हिरासत में ही मौत हो गई। खुद को फंसता देख पुलिस ने छोटे और अहमद को छोड़ दिया।
छोटे ने संवाददाताओ को बताया कि थाने में बेवजह हमारी पिटाई की गई। आज तड़के हमारे साथी सलीम को खून की उल्टियां हुई और फिर उसकी मौत हो गई। सलीम की मौत से घबराकर पुलिस ने हमें मुंह बंद रखने की धमकी देकर छोड़ दिया।
छोटे के मुताबिक तीनों लखीमपुर खीरी के एक भट्ठे में मजदूरी करते हैं और रक्षाबंधन के मौके पर तीनों बरेली अपने घर लौट रहे थे। छोटे ने पुलिस पर उनके 15,000 हजार रूपए लूटने का आरोप भी लगाया।
बरेली के पुलिस उप-महानिरीक्षक नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि आरोपी थाना प्रभारी राहुल शुक्ला और सिपाही रामपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
श्रीवास्तव ने कहा कि थाने में लाकर पिटाई करने से पहले आरोपी पुलिसकर्मियों द्वारा रूपए छीनने के आरोप की जांच कराई जा रही है।
उधर सलीम की पुलिस हिरासत में मौत से आक्रोशित उसके परिजनों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। आला पुलिस अधिकारियों द्वारा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही वे शांत हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications