भारती, एमटीएन ने गठबंधन वार्ता 31 अगस्त तक बढ़ाई (लीड-1)
दक्षिण अफ्रीका की टेलीकॉम कंपनी एमटीएन ने एक बयान में कहा कि शेयरों के अधिग्रहण या संभावित सौदे के बारे में भारती या एमटीएन के बोर्ड ने अभी कोई फैसला नहीं किया है।
बयान के अनुसार संभावित सौदेबाजी पर वार्ता जारी रखने की सलाह शेयरधारकों ने दी है और दोनों पक्ष वार्ता की तिथि 31 अगस्त 2009 तक बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं।
एमटीएन में भारती समूह द्वारा 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने और अफ्रीकी कंपनी के शेयर धारकों सहित भारतीय कंपनी में 36 प्रतिशत शेयर खरीदने को लेकर दोनों समूह चर्चा कर रहे हैं।
इस संभावित सौदे से एक शीर्ष टेलीकॉम समूह के उभरने की संभावना है। जहां भारती देश के टेलीकॉम बाजार की शीर्ष कंपनी है वहीं एमटीएन अफ्रीका और मध्य पूर्व की उभरती टेलीकॉम कंपनी है।
टेलीकॉम जगत के विश्लेषक वार्ता के आगे बढ़ने में कोई गड़बड़ी नहीं देखते। उनका कहना है कि ऐसी प्रक्रिया में समय लगता है।
टेलाकॉम परामर्श कंपनी कॉम फर्स्ट के निदेशक महेश उप्पल ने आईएएनएस से कहा कि इस प्रक्रिया में लंबा समय लगता है। उन्हें नहीं लगता कि मामले में कोई बाधा है।
उप्पल ने कहा,"यह बहुत जटिल सौदेबाजी है। दोनों कंपनियों के सामने कई मुद्दे हैं।"
उल्लेखनीय है कि भारती एयरटेल के अध्यक्ष सुनील मित्तल ने हाल में एक समाचार चैनल को दिए गए साक्षात्कार में कहा था कि नए प्रबंधन ढांचे के निर्माण में दोनों कंपनियों की अक्षमता संबंधी खबरें सच नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षो में पूर्ण विलय संपन्न होने तक दोनों कंपनियां प्रबंधन और संचालन का अलग-अलग ढांचा कायम रखेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications