संसद मुशर्रफ के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर सकती है: महान्यायवादी
ज्ञात हो कि मुशर्रफ द्वारा तीन नवंबर 2007 को पाकिस्तान में घोषित आपातकाल और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की बर्खास्तगी को सर्वोच्च न्यायालय ने अवैध ठहरा दिया है।
खोसा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "इस मामले में संसद सर्वोपरि है। यदि मुशर्रफ पर मुकदमा चलाने का प्रस्ताव संसद में पेश किया जाता है तो उसके पारित हो जाने के बाद सरकार उस पर कार्रवाई करने के लिए बाध्य हो जाएगी, क्योंकि संसद सर्वोच्च संवैधानिक संस्था है।"
सर्वोच्च न्यायालय ने शुक्रवार को मुशर्रफ द्वारा 3 नवंबर 2007 को उठाए गए कदमों को अवैध और असंवैधानिक ठहराया था।
लेकिन प्रधान न्यायाधीश इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी के नेतृत्व वाली सर्वोच्च न्यायालय के 14 न्यायाधीशों की एक खंडपीठ ने मुशर्रफ पर प्रतिबंध लगाने से इंकार कर दिया था, जैसी कि आपातकाल की घोषणा के खिलाफ दायर याचिका में मांग की गई थी।
शुक्रवार की सुबह प्रधान न्यायाधीश चौधरी ने याचिका की सुनवाई के बाद अपने फैसले में कहा था कि अदालत ऐसा कोई फैसला नहीं देना चाहती, जिससे देश में तनाव की स्थिति पैदा हो जाए।
इस पर खोसा ने कहा है कि फैसला कुछ इस तरह का होना चाहिए जो व्यवस्था को नुकसान न पहुंचाए।
यह पूछे जाने पर कि 'व्यवस्था' शब्द से क्या तात्पर्य है, खोसा ने कहा कि इसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संसद और प्रांतीय विधानसभाएं शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications