चीन में प्लेग से दूसरी मौत
जिनिंग (चीन), 3 अगस्त (आईएएनएस)। चीन के किनघई प्रांत के एक कस्बे में फैली घातक बीमारी फेफड़े से जुड़े प्लेग की चपेट में आने से एक 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। इस बीमारी से अब मरने वालों की संख्या दो हो गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह जिंघई काउंटी के जिकेतन कस्बे में डानजिन नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई।
डानजिन उसी 32 वर्षीय चरवाहे का पड़ोसी था जो सबसे पहले इस बीमारी की चपेट में आया था। इससे पहले चरवाहे की मौत हुई थी। 30 जुलाई को प्रकाश में आने के बाद प्लेग इस कस्बे में अब तक 10 अन्य लोगों को भी चपेट में ले चुका है।
विगत 31 जुलाई को स्थानीय समयानुसार रात में 11 बजे डानजिन को बुखार और खांसी जैसे लक्षण दिखने के बाद भर्ती कराया गया था। जिकेतन की आबादी 10,000 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications