झारखंड के पूर्व राज्यपाल के सहायकों के घरों पर छापे
रांची, 3 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने झारखंड के पूर्व राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी के सहायक रह चुके भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों पर सोमवार को छापे मारे।
सीबीआई के सूत्रों के अनुसार राज्य में वर्ष 2009 में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद रजी के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) रहे अवनीश कुमार और वर्ष 2004 से ही राज्यपाल के निजी सचिव राजेश ठाकुर के आवासों पर एक साथ छापे मारे गए।
सीबीआई ने अवनीश कुमार के नजदीकी माने जाने वाले भवन निर्माता गुड्डू सिंह के रांची और बोकारों स्थित आवासों पर भी छापे मारे।
उल्लेखनीय है कि रजी को पिछले महीने असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था और के.शंकरनारायण ने उनके स्थान पर झारखंड के राज्यपाल का पद संभाला।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार कुछ शिकायतों के बाद यह छापेमारी की गई। सीबीआई ने इन छापों के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।