मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश कर रही है सीबीआई : बूटा सिंह
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व गृहमंत्री बूटा सिंह ने सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई)पर आरोप लगाया कि वह पुत्र सरबजोत सिंह उर्फ स्वीटी सिंह के खिलाफ आरोप लगाकर उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश कर रही है।
स्वीटी सिंह को कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
बूटा सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, "मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश रची गई है और इसके पीछे मुख्य रूप से सीबीआई का हाथ है। मुझे और मेरे पुत्र को निशाना बनाया जा रहा है।"
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बूटा सिंह ने यह बताने से इंकार कर दिया कि इस प्रकरण के पीछे किस व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी का हाथ है।
उन्होंने कहा, "मैं यह मीडिया को नहीं बताऊंगा और वक्त आने पर इसका खुलासा करुं गा।"
स्वीटी सिंह को शुक्रवार को तीन करोड़ रुपये की रिश्वत की राशि में से एक करोड़ रुपये की रकम कथित तौर पर स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मुंबई की एक अदालत ने स्वीटी सिंह को पांच अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था। उन्होंने नासिक के एक कांट्रेक्टर रामराज पाटिल से एक मामले से उनका नाम हटवाने की एवज में तीन करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पाटिल नासिक नगर निगम का एक ठेकेदार है। करीब सौ श्रमिकों ने शिकायत की थी कि वह उनकी पगार और उनके नाम पर लिए गए ऋण का भुगतान नहीं कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications