दिल्ली में दिन दहाड़े 12 लाख की लूट

यह घटना शनिवार को ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले ही इसी अंदाज में मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने दिल्ली में एक व्यापारी से 11 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस के मुताबिक दक्षिणी दिल्ली में स्थित बत्रा अस्पताल के कैशियर एम.एल.राउत और सुरक्षाकर्मी सुरेशचंद अस्पताल के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया।
पिस्तौल लगाकर बैग छीना
दोनों अस्पतालकर्मी पास के एक बैंक की शाखा में अस्पताल के रुपये जमा करने जा रहे थे। सड़क पार करते समय तीन मोटरसाइकिल सवारों ने उन्हें रोका। उनमें से एक ने पिस्तौल निकाल ली और बैग झपटने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से पुलिस ने कहा है कि दोनों अस्पतालकर्मी अपराधियों की मांग मानने के लिए मजबूर हो गए, क्योंकि एक लुटेरे ने गोली दाग दी थी। गोली सुरक्षाकर्मी सुरेशचंद के हाथ को स्पर्श करते हुए निकल गई थी। उसके बाद लुटेरों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया और वे वहां से चंपत हो गए।


Click it and Unblock the Notifications