पूरी तरह सुरक्षित है ईवीएम: चुनाव आयोग

साथ ही निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में शिकायत करने वाले राजनीतिक दलों और अन्य लोगों को आमंत्रित किया है। आयोग ने शनिवार को एक वक्तव्य जारी करते हुए कहा, "निर्वाचन आयोग अब भी इस बात पर कायम है कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है।"
छेड़छाड़ की आशंकाएं सिरे से खारिज
आयोग ने कहा कि अभी तक ईवीएम में गड़बडि़यों को कोई साबित नहीं कर पाया है। ईवीएम में किसी भी प्रकार के बदलाव सिर्फ चुनाव आयोग ही कर सकता है। ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंकाओं को सिरे से खारिज करते हुए आयोग ने कहा, "हमने अब इस बारे में सवाल उठाने वाले लोगों को बुलाकर उनसे उनके आरोपों का आधार पूछने का निर्णय लिया है।"
चुनाव आयोग ने कहा कि ईवीएम पर बैठक तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में होगी। इसमें ईवीएम बानने वाली कंपनी के इंजीनियर भी शामिल होंगे। यह बैठक तीन से सात अगस्त के बीच होगी। यदि कोई नेता या व्यक्ति विशेष इस बैठक में शामिल होना चाहे तो चुनाव आयोग से संपर्क कर सकता है।
आडवाणी ने किया था विरोध
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे। जांच की मांग करते हुए आडवाणी ने कहा था कि जबतक यह सुनिश्चित नहीं हो जाता है कि ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित है, तबतक मतपत्रों पर मुहर के माध्यम से चुनाव कराए जाएं।
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट में भी ईवीएम के इस्तेमाल के खिलाफ एक याचिका दायर की गई थी। जिस पर कोर्ट ने याचिकाओं को खारिज करते हुए याचिका दायर करने वालों को पहले निर्वाचन आयोग से संपर्क करने को कहा था।


Click it and Unblock the Notifications