पूर्वोत्तर में स्वाइन फ्लू का पहला मामला मणिपुर में
इंफाल, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर राज्यों में स्वाइन फ्लू का पहला मामला मणिपुर में सामने आया है। 19 वर्षीय एक युवती जो कि एक प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर सिंगापुर से लौटी है उसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
मणिपुर स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डब्ल्यू. मोतीलाल ने कहा कि पिछले सप्ताह सिंगापुर से लौटी युवती ने बुखार की शिकायत की। इसके बाद उसके रक्त के नमूने जांच के लिए राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान दिल्ली भेजे गए जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि युवती को इंफाल में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मोतीलाल ने कहा कि मणिपुर ने स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए एक त्वरित टीम का गठन किया है जिसमें सभी जिला मुख्यालयों से पांच से छह डाक्टरों को शामिल किया है। जिला मुख्यालयों के साथ प्रदेश की राजधानी में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
विशेषज्ञों के दो दल गठित किए गए हैं जिसमें से एक को मोरेह सीमा पर तैनात किया गया है जो म्यामांर से आने वाले लोगों की जांच करेगा और दूसरे दल को इंफाल हवाई अड्डे पर तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications