चंडीगढ़ में नकली नोटों के गिरोह का भंडाफोड़
पुलिस ने रविवार तड़के अमृतसर से एक विधवा को गिरफ्तार किया और उसके पास से 480,000 रुपये कीमत के नकली नोट बरामद किए।
पुलिस उपाधीक्षक (दक्षिण) जे.एस.खीरा ने रविवार को यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया, "हमने अमृतसर से सविंदर कौर को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 480,000 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इसमें से 200,000 की राशि 1000 रुपये के नोटों की थी, जबकि बाकी राशि में 500 के नोट शामिल थे।"
खीरा ने कहा कि महिला को चंडीगढ़ लाया गया है और उस पर आईएसआई का एजेंट होने का संदेह है।
पुलिस उपाधीक्षक ने कहा, "वह अतीत में चार-पांच बार धार्मिक समूह के साथ पाकिस्तान जा चुकी है और इस बात की पक्की संभावना है कि वह इन नकली नोटों को वहीं से लेकर आई थी।"
पिछले 15 वर्षो से अमृतसर में रह रही सविंदर कौर मूलरूप से श्रीनगर की निवासी है। पिछले कुछ वर्षो के दौरान वह पांच बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुकी है।
पुलिस ने अमृतसर के एक अन्य नागरिक युद्धवीर सिह को भी शुक्रवार की रात चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था। अधिकारियों का कहना है कि वह इस गिरोह का मुख्य सरगना है और सविंदर कौर को उसी की सूचना पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों ने कहा है कि पूछताछ के दौरान युद्धवीर ने स्वीकार किया है कि वह सीमा पार से इन फर्जी नोटों को मंगाता है और प्रति 100,000 नकली नोट पर उसे 50,000 रुपये का मुनाफा हो जाता है।
इस गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications