बीआरटी कॉरीडोर में सड़क धंसने से 2 घायल (लीड-1)
घटना रविवार तड़के दो बजे हुई। डिफेंस कालोनी और लाजपत नगर के बीच बने बीआरटी कॉरीडोर की सड़क शनिवार को धंसने से इसमें सात फुट गहरा गड्ढा हो गया था। इसमें गिरने से एक मोटरसाइकिल पर सवार अमित (23 वर्ष)और संतोष (29 वर्ष) घायल हो गए।
इन दोनों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज जारी है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है। सड़क शनिवार देर रात दो बजे के आसपास धंस गई। सड़क की मरम्मत के लिए यातायात को बंद कर दिया गया है।"
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि विशेषज्ञ मामले की जांच करेंगे।
दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा, "विशेषज्ञ पूरी घटना की जांच करेंगे। परंतु ऐसी कुछ घटनाओं का यह अर्थ नहीं है कि हम अन्य बीआरटी कॉरीडोर पर काम रोक दें।"
बीआरटी परियोजना के प्रबंधक आर.पी.सिंह ने कहा कि सड़क की मरम्मत कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। यह सड़क करीब 50 वर्ष पुरानी है और अन्य कारणों के साथ भूमिगत सीवेज या पानी की पाइपलाइन में रिसाव से ऐसा हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications