पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र के खिलाफ रैगिंग का मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार यहां युनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में पढ़ने वाले हरियाणा के रोहतक कस्बे के एक छात्र सौरब नंदल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला छात्रावास के वार्डन द्वारा एक औपचारिक शिकायत पर दर्ज किया गया है।
पंजाब विश्वविद्यालय ने जांच पूरी होने तक छात्र को निलंबित कर दिया है।
पंजाब विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "हमने छात्र को विभाग से और छात्रावास से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी है। वह शुक्रवार की रात रोहतक चला गया था। उसके लौटने के बाद हम उसका बयान दर्ज करेंगे।"
मामला तब सामने आया जब भारतीय नाट्य विभाग के कुछ छात्रों ने सौरब को छात्रावास के बाहर यूआईईटी के प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ रैगिंग करते हुए देखा। छात्रों ने इसकी सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को दी और प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस अधिकारी सुखबीर राणा ने रविवार को कहा, "हमने नंदल के खिलाफ रैगिंग का एक मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications