दिल्ली और उपनगरों में नए रोजगार में 17 प्रतिशत की वृद्धि
एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) द्वारा कराए गए 'राष्ट्रीय राजधानी में रोजगार संभावना' नामक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2009 में अप्रैल-जुलाई के दौरान दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में 49,750 नए रोजगार पैदा हुए। वर्ष 2008 की समान अवधि में 42,501 नए रोजगार सृजित हुए थे।
अध्ययन के नतीजों को जारी करते हुए एसोचैम के महासचिव डी.एस.रावत ने कहा कि नए रोजगार में से 46.4 प्रतिशत दिल्ली क्षेत्र में हैं।
एसोचैम के नतीजों के अनुसार एनसीआर के उपनगरों-गुड़गांव, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में पिछले वित्तीय वर्ष के पहले चार महीनों की तुलना में इस वर्ष की समान अवधि में नए रोजगार में 49.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उपनगरीय क्षेत्रों में गुड़गांव में सबसे अधिक नए रोजगार पैदा हुए हैं और कुल नए रोजगार का 23.1 प्रतिशत रोजगार यहां सृजित हुआ है। इसके बाद नोएडा/गेट्रर नोएडा (20 प्रतिशत),गाजियाबाद (5.6 प्रतिशत) और फरीदाबाद (4.9 प्रतिशत) का स्थान है।
क्षेत्रों के हिसाब से नए रोजगार उपलब्ध कराने में आईटी/आईटीईएस क्षेत्र सबसे आगे रहा और इसमें नए रोजगार का 27.5 प्रतिशत रोजगार पैदा हुआ। इसके बाद शिक्षा क्षेत्र में करीब 17 प्रतिशत और बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा क्षेत्र में 14.5 प्रतिशत रोजगार पैदा हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications