तटबंध टूटा, बाढ़ की चपेट में बिहार

पटना के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के के मुताबिक शनिवार को सुबह बागमती नदी का तटबंध तिलक ताजपुर गांव के समीप 20 फुट टूट गया। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार के मुताबिक तटबंध के कट जाने के कारण रूनीसैदपुर प्रखंड के 12 गांव जलमग्न हो गए हैं। यहां पर बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। लोगों ने यहां से पलायन शुरू कर दिया है।
लखनदेई नदी के तटबंध में दरार
मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड में लखनदेई नदी के तटबंध में दरार आ गई है, जिससे मोहनपुर, शहनौली, डुमरी, खंगूरा, धोबौली बकुची आदि गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है। जिलाधिकारी विपिन कुमार के मुताबिक बकुची कृषि फॉर्म के समीप तटबंध में दरार की मरम्मत कर दी गई है।
राज्य के जल संसाधन मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि सीतामढ़ी में बागमती नदी पर एक अन्य निर्माणाधीन तटबंध टूटने की खबर है लेकिन इसकी पूरी रिपोर्ट अब तक नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त को निरीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी।
भूले नहीं कोसी का कहर
बिहार के लोग अभी भी कोसी नदी का कहर भूले नहीं हैं। पिदले साल कोसी का तटबंध टूटने से लाखों लोग बाढ़ की चपेट में आ गए थे। हजारों गांव डूबने के साथ-साथ कई छोटे शहरों तक में पानी घुस गया था। कई कस्बे भी बाढ़ की चपेट में आए थे। बाढ़ में करोड़ों का नुकसान हुआ था।


Click it and Unblock the Notifications