सईद के खिलाफ पुख्ता सबूत: चिदंबरम

विदेश मंत्रालय को सौंपे सबूत
चिदंबरम ने कहा कि गृह मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय को सात पन्नों का पुलिंदा सौंपा है, जिसमें पाकिस्तान के सारे सवालों के जवाब हैं। ये जवाब आतंकवादी हाफिज सईद को कठघरे में लाने के लिए काफी होंगे। इसमें हाफिज के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं।
मीडिया से मुखातिब होने पर चिदंबरम ने कहा कि पाक के सवालों पर भारत के जवाब तैयार हैं। पाकिस्तान को मुंबई के हमलावरों से संबंधित सारे सबूत सौंपे जा चुके हैं। अब पाकिस्तान सरकार का काम है उन सबूतों के आधार पर सईद के खिलाफ कार्रवाई फिर से शुरू करे।
क्या कहा रहमान मलिक ने
असल में मंगलवार को पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक ने एक टीवी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में कहा था कि हाफिज सईद के खिलाफ उनके पास कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा, "हमने भारत से कहा है कि उनके पास कोई सबूत हैं तो हमें दें, लेकिन भ्रामक प्रचार न करें। सुनी-सुनाई बातों के आधार पर पाकिस्तान अपने नागरिकों को गिरफ्तार नहीं कर सकता। भारत अगर कोई विश्वसनीय कार्रवाई चाहता है तो उसे ठोस सबूत दे।"
अब देखना है कि चिदंबरम द्वारा सौंपे गए सईद के खिलाफ सबूत उसे सलाखों के पीछे डालने के लिए काफी होते हैं, या नहीं। यह बात तय है कि जबतक मुंबई के हमलावरों को सजा नहीं मिल जाती है, तबतक भारत की ओर से दबाव जारी रहेगा।


Click it and Unblock the Notifications