सीटों के बंटवारे पर तृणमूल के सामने झुकी कांग्रेस
कोलकाता, 1 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा की दो सीटों के लिए होने वाले उप चुनाव में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों के नाम वापस लेने का फैसला किया है। अब इन दोनों सीटों पर उसकी सहयोगी पार्टी तृणमूल कांग्रेस चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस कोलकाता की बोउबाजार और सियालदह सीटों में से एक की मांग कर रही थी। इन दोनों सीटों पर 18 अगस्त को उपचुनाव होना है। अब पार्टी आलाकमान के दिशानिर्देशों के मुताबिक कांग्रेस प्रदेश इकाई इन दोनों जगहों से अपने उम्मीदवारों को वापस लेने पर सहमत हो गई है।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष सुब्रत मुखर्जी ने आईएएनएस से कहा, "वर्ष 2006 में हमने ये दोनों सीटें जीती थीं। हम तो इनमें से एक सीट तृणमूल कांग्रेस को देने के लिए तैयार थे। परंतु तृणमूल राजी नहीं हुई। इसलिए हम अपने दोनों उम्मीदवारों का नाम वापस ले रहे हैं ताकि वाममोर्चा विरोधी मतों का बंटवारा न हो।"
तृणमूल प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने के मसले पर मुखर्जी ने कहा, "अगर प्रत्याशी चाहेंगे तो हम प्रचार करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications