पाकिस्तान को सबूतों का नया दस्तावेज सौंपा गया (राउंडअप)
विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि इस दस्तावेज को शनिवार को पाकिस्तान उच्चायोग को सौंप दिया गया।
खुफिया सूत्रों ने आईएएनएस को बताया है कि इस दस्तावेज में मुंबई हमले के दौरान वायरलेस के जरिए आतंकियों द्वारा की गई बातचीत की प्रतिलिपियां भी शामिल हैं, जिसमें सईद के नाम का उल्लेख हुआ है।
गृह मंत्रालय द्वारा तैयार किए गए ताजा दस्तावेजी सबूत पाकिस्तान द्वारा इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग को 11 जुलाई को सौंपे गए एक दस्तावेज की प्रतिक्रिया स्वरूप पाकिस्तान को सौंपे गए हैं। पाकिस्तान द्वारा सौंपे गए दस्तावेत में इस्लामाबाद द्वारा मुंबई हमले के संदर्भ में की गई जांच और दोषियों को दंडित किए जाने के लिए उठाए गए कदमों के विवरणों का खुलासा किया गया है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पिछले महीने शर्म अल-शेख में भारत-पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर पर बातचीत शुरू करने के अपने कदम की व्याख्या करने के लिए बुधवार को संसद में इस दस्तावेज का जिक्र किया था।
भारत द्वारा पाकिस्तान को इस तरह के अतिरिक्त सबूत ऐसे समय में दिए गए हैं, जब संसद में हुई एक बहस के दौरान विपक्ष ने सरकार पर सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर नरमी बरतने का सरकार पर आरोप लगाया है।
सईद में मामले में पाकिस्तान के नकारात्मक रुख के जवाब में गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि सईद के खिलाफ पर्याप्त सबूत दिए गए हैं, और अब यह पाकिस्तान पर निर्भर करता है कि वह उसके खिलाफ कार्रवाई करे।
चिदंबरम ने जुलाई महीने के दौरान अपने मंत्रालय की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "सईद के खिलाफ पाकिस्तान को पर्याप्त सबूत दिए गए हैं।"
चिदंबरम ने कहा, "तीन बार में उपलब्ध कराए गए सबूत हमारी समझ से मुंबई मामले में हाफिज सईद की भूमिका की जांच के लिए पर्याप्त हैं। पाकिस्तान में की जाने वाली जांच से भी पर्याप्त सबूत सामने आएंगे।"
ज्ञात हो कि मुंबई हमले के संदर्भ में जमात-उद-दावा को संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकियों की सूची में डाले जाने के बाद सईद को दिसंबर महीने में नजरबंद कर दिया गया था। लेकिन लाहौर उच्च न्यायालय ने सबूत के अभाव में जून महीने में उसे रिहा कर दिया था।
इसके बाद 28 जुलाई को पाकिस्तान ने कहा था कि जब तक सईद के खिलाफ मुंबई हमले के मामले में पर्याप्त सबूत नहीं उपलब्ध हो जाते, तब तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।
पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने एक निजी टीवी समाचार चैनल के साथ एक साक्षात्कार में कहा था, "जब तक पर्याप्त सबूत नहीं मुहैया कराए जाते, तब तक हम सईद को गिरफ्तार नहीं कर सकते।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications