निर्वाचन आयोग ने कहा, ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और अन्य राजनीतिक नेताओं ने लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल किए गए ईवीएम की विश्वसनीयता पर संदेह जताया था।
आयोग ने शनिवार को एक बयान में कहा, "निर्वाचन आयोग अब भी इस बात पर कायम है कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं की जा सकती।"
आयोग ने कहा कि कोई यह साबित नहीं कर पाया है कि निर्वाचन आयोग द्वारा इस्तेमाल ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है।
इस बारे में उठाई गई शंकाओं को पूरी तरह से खारिज करते हुए आयोग ने कहा, "हमने अब इस बारे में सवाल उठाने वाले लोगों को बुलाकर उनसे उनके आरोपों का आधार पूछने का निर्णय लिया है।"
यह बैठक तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में आयोजित की जाएगी। इसमें ईवीएम बानने वाली कंपनी के इंजीनियर भी शामिल होंगे। यह बैठक तीन से सात अगस्त के बीच बुलाई गई है।
पिछले दिनों सर्वोच्च न्यायालय ने इस बारे में दाखिल याचिकाओं को खारिज करते हुए याचिका दायर करने वालों को पहले निर्वाचन आयोग से संपर्क करने को कहा था। आयोग ने 22 जुलाई को कहा था कि उसने सभी शिकायतकर्ताओं को तथाकथित छेड़छाड़ को साबित करने के लिए पत्र भेजा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications