पटेल ने विमान कंपनियों को दिया बातचीत का प्रस्ताव (लीड-1)
पटेल ने एक बयान में कहा, "उड्डयन क्षेत्र जिन समस्याओं का सामना कर रहा है सरकार उन्हें समझती है। बहरहाल सरकार ऐसे किसी कदम का समर्थन नहीं करती है, जिससे देश में यात्रियों के लिए असुविधा पैदा हो।" उन्होंने एक बार फिर किसी तरह के प्रोत्साहन पैकेज से इनकार करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, "विमान कंपनियों को हमारी सलाह सरकार के साथ वार्ता में शामिल होने की है।"
पटेल ने कहा कि यदि निजी कंपनियों ने अपनी धमकी वापस नहीं ली तो नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा जाएगा।
महानिदेशालय ने शनिवार को निजी एयरलाइंस को भेजे पत्र में 48 घंटे के भीतर औपचारिक स्पष्टीकरण देने को कहा है और ऐसा करने में विफल होने पर उनके खिलाफ एयरक्राफ्ट एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पत्र में कहा गया है, "मीडिया के माध्यम से यह सामने आया है कि 18 अगस्त को एयरलाइंस पूर्वनियोजित ऑपरेशन को स्थगित करने वाली हैं। आपके एयरलाइंस के इस फैसले से उस दिन यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications