मृत पादरी के परिजन फिर से चाहते हैं पोस्टमार्टम
कन्नूर (केरल), 1 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में इस सप्ताह के प्रारंभ में सड़क किनारे मृत अवस्था में पाए गए कैथोलिक पादरी जेम्स मुकालेल के परिजनों ने मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए शव का फिर से पोस्टमार्टम कराने का निश्चय किया है।
मुकालेल के एक पारिवारिक मित्र डेनी जार्ज ने कहा कि पादरी (38) का शव फिलहाल कन्नूर जिले के वेल्लाड स्थित सेंट सेबेस्तियन चर्च में रखा हुआ है और शव का अंतिम संस्कार पादरियों के एक दल द्वारा शनिवार को किया जाएगा।
पेशे से वकील जार्ज ने आईएएनएस से कहा, "अंतिम संस्कार समाप्त हो जाने के बाद शव को एक और पोस्टमार्टम के लिए कोझीकोड़ स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज ले जाया जाएगा, क्योंकि मुकालेल के माता-पिता और उसके भाई टॉमी सहित सभी घनिष्ठ रिश्तेदारों को लगता है कि इस मामले में कुछ गड़बड़ी हुई है।"
जार्ज ने बताया, "शव का मंगलोर में पहले ही एक पोस्टमार्टम किया जा चुका है और शुक्रवार की शाम शव यहां पहुंचा है। दूसरे पोस्टमार्टम के बाद जब शव अस्पताल से वापस आएगा तो उसे सेंट सेबेस्तियन चर्च में स्थित कब्रिस्तान में दफन कर दिया जाएगा।"
ज्ञात हो कि मुकालेल का निर्वस्त्र शव उनकी मोटरसाइकिल से थोड़ी ही दूरी पर पड़ा पाया गया था। वह दक्षिण कन्नड़ जिले में बेल्थंगादी के पास चारमाडी गांव से एक अन्य पादरी के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेकर कुत्रुपादी के लिए लौट रहे थे।
इस युवा पादरी को बेल्थंगादी के पास थोत्थादी में तीन वर्षीय सेवा के बाद कुत्रुपादी में सेंट मैरीज चर्च में हाल ही में नियुक्त किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications