सरबजोत के आवास से पिस्तौले मिलीं, बूटा ने पुत्र को निर्दोष बताया (लीड-2)
थके हुए दिखाई दे रहे बूटा सिंह ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह सीबीआई के सवालों का जवाब देने को तैयार हैं क्योंकि वह अपने पुत्र सरबजोत सिंह उर्फ स्वीटी सिंह की गतिविधियों से अवगत हैं। उन्होंने अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने का भी मन बनाया है।
संवाददाताओं के यह पूछने पर कि क्या वह अब भी सोचते हैं कि उनका पुत्र निर्दोष है, बूटा सिंह ने कहा हर हाल में। स्वीटी सिंह को नासिक के एक कांट्रेक्टर से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रिश्वत लेते समय शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था और उसके बाद मुंबई की एक अदालत ने उसे पांच अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था।
सीबीआई के एक अधिकारी ने मुंबई में कहा था स्वीटी सिंह के खिलाफ भ्रष्टचार के आरोपों के संबंध में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बूटा सिंह से भी पूछताछ की जा सकती है। उनका पुत्र कथित तौर पर रिश्वतकांड में शामिल होने की बात कबूल कर चुका है।
एक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने के अनुरोध पर बताया, "हम बूटा सिंह और उन सब लोगों से पूछताछ करेंगे जिनके नाम शिकायत में दर्ज हैं।" स्वीटी सिंह ने कथित तौर पर कहा है कि बूटा सिंह को उसके रिश्वत लेने की जानकारी थी।
सीबीआई अधिकारियों ने स्वीटी सिंह के नई दिल्ली स्थित आवास की तलाशी में कथित तौर पर तीन गैर लाइसेंसी पिस्तौले और 38 कारतूस बरामद होने के बाद कही है। दक्षिणी दिल्ली के निजामुद्दीन थाने में स्वीटी सिंह के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
उधर, बूटा सिंह ने भ्रष्टाचार के मामले के बावजूद राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह उनके और उनके परिवार के खिलाफ साजिश है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री से मुलाकात कर तथ्यों की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा, "मैं एक संवैधानिक फोरम का अध्यक्ष हूं। मैं भला इस्तीफा क्यों दूं? मैं नहीं जानता कि उनमें और मेरे पुत्र के बीच क्या हुआ। दबाव में मेरे पुत्र ने स्वीकार किया होगा।"
स्वीटी सिंह के आवास पर पिस्तौले मिलने के बारे में बूटा सिंह ने कहा, "उनके लाइसेंस थे और सिर्फ स्वीटी ही जानते हैं वे कहां हैं।"
स्वीटी सिंह के अलावा तीन व्यक्तियों-अनूप बेदी, दुखसिंह चौहान और मदन सोलंकी को शुक्रवार को सत्र न्यायाधीश एस.पी.एच. नागरकर की अदालत में पेश किया गया। उन सभी को पांच अगस्त तक की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सीबीआई के अनुसार स्वीटी सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला पाटिल की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications