केंद्रीय मंत्री ने चलाई बैलगाड़ी और लगाई पंचायत
केन्द्रीय राज्य मंत्री जैन शनिवार को टीकमगढ़ जिले की बिल्ट ग्राम पंचायत में पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और एक बैलगाड़ी को खड़ी देखकर वह अपने आप को उसकी सवारी करने से रोक नहीं पाए। जैन ने बैलगाड़ी पर चढ़कर गांव का भ्रमण किया।
जैन ने गांव वालों के साथ सभी विकास कार्यो का जायजा लिया और गांव वालों से ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत चल रहे कार्यो की जानकारी लेने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए एक पेड़ के नीचे पंचायत लगाई।
गांव वालों ने आरोप लगाया कि उन्हें केन्द्र सरकार की योजना के मुताबिक काम नहीं मिल रहा है और सार्वजनिक वितरण प्रणाली भी पूरी तरह लड़खड़ा चुकी है। केरोसीन नहीं मिलता, गेंहू और चावल राशन की दुकान के संचालक की मनमर्जी से बांटा जाता है।
बिल्ट गांव के दौरे को लेकर जैन का कहना है कि वह अचानक ही इस गांव में सिर्फ इसलिए पहुंचे ताकि जमीनी हकीकत का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि बिल्ट गांव का दौरा बुन्देलखंड के उस दर्द को जानने की कोशिश है जो काफी गहरा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications