मेरे बेटे के खिलाफ साजिश हुई: बूटा सिंह
बूटा सिंह ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "यह मेरे सियासी जीवन पर हमला है। मेरे निजी और सार्वजनिक जीवन को बदनाम करने के लिए यह षडयंत्र रचा गया है।" केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "मैं समझता हूं कि मेरा बेटा दोषी नहीं है। किसी और के इशारे पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। सीबीआई के मुंह में बातें डाली गई है।" इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा, "मैंने कुछ नहीं किया तो, क्यूं इस्तीफा दूं।"
भाजपा ने मांगा इस्तीफा
भाजपा महासचिव गोपीनाथ मुंडे ने शुक्रवार सुबह मीडिया में कहा, "यह खुले तौर पर भ्रष्टाचार का मामला है। बूटा सिंह को इस्तीफा दे देना चाहिए।" मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी ने कहा, "कानून को अपना काम करने दीजिए।"
गौरतलब है कि सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा ने शुक्रवार सुबह बूटा सिंह के बेटे को गिरफ्तार किया था। स्वीटी सिंह को नई दिल्ली में गुरुवार को कथित तौर पर एक करोड़ रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया था। बाद में उन्हें मुंबई ले जाया गया था। सीबीआई हवाला सहित वित्तीय लेनदेनों के अन्य मामलों में भी सिंह की संलिप्तता का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।