भ्रष्टाचार के मामले में बूटा सिंह के पुत्र से सीबीआई की पूछताछ (लीड-1)
मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री बूटा सिंह के पुत्र सरबजोत सिंह उर्फ स्वीटी सिंह को भ्रष्टाचार के एक मामले में पूछताछ के लिए नई दिल्ली से गुरुवार रात मुंबई लाई है।
सीबीआई के संयुक्त निदेशक (पश्चिमी क्षेत्र)आर.आर. सिंह ने आईएएनएस को बताया,"घूसखोरी के एक मामले में स्वीटी सिंह को नई दिल्ली से मुंबई लाया गया। उससे एक करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के मामले और हवाला कारोबार में शामिल होने के बारे में पूछताछ की जा रही है।"
उन्होंने कहा कि स्वीटी सिंह से देर रात तक पूछताछ की गई लेकिन उसे हिरासत में नहीं लिया गया या गिरफ्तार नहीं किया गया है।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार नासिक नगर निगम के एक ठेकेदार रामराज पाटिल की शिकायत पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज हुआ है।
पाटिल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि स्वीटी सिंह ने उनके खिलाफ कुछ स्थानीय सफाई कर्मचारियों द्वारा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दायर मामले की वापसी के लिए तीन करोड़ रुपये की घूस मांगी। बाद में घूस की रकम घटाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई।
कथित रूप से एक करोड़ रुपये लेते हुए स्वीटी सिंह को दिल्ली में सीबीआई ने पकड़ा और उसे शाम को मुंबई ले आई।
नासिक के करीब 100 सफाई कर्मचारियों ने नासिक नगर निगम के ठेकेदार पाटिल पर वेतन नहीं देने और उनके नाम पर 10 करोड़ रुपये का कर्ज लेने का आरोप लगाया था।
स्वीटी ने कथित रूप से पाटिल को तीन करोड़ रुपये के बदले मामले की वापसी का प्रस्ताव दिया। कुछ सौदेबाजी के बाद पाटिल इस पर सहमत हो गया और उसने सीबीआई को भी इस बारे में जानकारी दे दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।