एस.एम.कृष्णा 6 अगस्त को आस्ट्रेलिया जाएंगे
नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा भारतीय छात्रों की समस्याओं तथा उनकी सुरक्षा के लिए कैनबरा सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का जायजा लेने छह अगस्त को पांच दिवसीय दौरे पर आस्ट्रेलिया जाएंगे।
आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हुए हमलों की घटना के बाद भारत की ओर से यह पहला उच्चस्तरीय दौरा होगा।
अपने दौरे के दौरान कृष्णा आस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री स्टीफन स्मिथ और प्रधानमंत्री केविन रुड से मुलाकात करेंगे और कई सारे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उसमें भारतीय छात्रों पर हाल में हुई हमले की घटनाएं भी शामिल होंगी, जिसने दोनों देशों के रिश्तों में तनाव पैदा कर दिया है।
कृष्णा के दौरे के पूर्व विदेश मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को यहां कहा गया, "भारतीय छात्रों की समस्याओं का जायजा लेने के लिए कृष्णा सिडनी और मेलबर्न का दौरा करेंगे और आस्ट्रेलिया के नेतृत्व के साथ छात्रों की सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।"
कृष्णा उत्तर पूर्व आस्ट्रेलिया के केयर्न्स में आयोजित 16 राष्ट्रों के पैसिफिक आइसलैंड फोरम (पीआईएफ) की एनुअल पोस्ट फोरम डायलाग मीटिंग में भी हिस्सा लेंगे। भारत पीआईएफ में संवाद साझेदार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications