कंधमाल हिंसा के मामले में 16 बरी
भुवनेश्वर, 31 जुलाई (आईएएनएस)। एक त्वरित अदालत ने पिछले वर्ष कंधमाल जिले में हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान एक पुलिस चौकी में आग लगाने और एक पुलिस कर्मी की हत्या के एक मामले में 16 आरोपियों को शुक्रवार को बरी कर दिया।
सभी 16 आरोपियों को फूलबनी स्थित त्वरित अदालत ने शुक्रवार को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया।
ये सभी 16 व्यक्ति कंधमाल जिले में गोछीपाड़ा पुलिस चौकी में आग लगाने और एक पुलिस कर्मी की हत्या करने के मामले में आरोपी थे। हत्या, दंगा, आगजनी और सरकारी रिकॉर्ड नष्ट करने के लिए 111 लोगों के खिलाफ एक आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
अतिरिक्त सरकारी वकील पी.के.पात्रा ने कहा, "मामले में 111 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया था। शुक्रवार को 16 लोगों को सुनवाई के लिए लाया गया था। सभी 16 को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया। कई सारे गवाह शुक्रवार को अदालत में अनुपस्थित थे और जो आए भी वे आरोपियों को नहीं पहचान पाए।"
ज्ञात हो कि एक भीड़ ने 15 सितंबर 2008 को गोछीपाड़ा पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया था और बिभुदेनरा बिस्वाल नामक एक कांस्टेबल को मार डाला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications