लालगढ़ में नक्सलियों व सुरक्षा बलों के बीच 5 घंटे तक गोलीबारी
लालगढ़ (पश्चिम बंगाल), 31 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के अशांत लालगढ़ इलाके में गुरुवार की शाम लापता हुए दो पुलिस कर्मियों की खोज के लिए चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान शुक्रवार को एक जंगली इलाके में संदिग्ध नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच पांच घंटे तक गोलीबारी हुई।
पुलिस ने कहा कि लालगढ़ इलाके में भुलाबेड़ा जंगली इलाके के पास पांच घंटे तक गोलीबारी होती रही।
ज्ञात हो कि साबिर मूल्ला और कांचन गारिया नामक दो पुलिस कर्मी गुरुवार की शाम बृंदाबनपुर इलाके से लापता हो गए थे।
पश्चिम मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक एम.के.वर्मा ने आईएएनएस को बताया, "सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच पूरे पांच घंटे तक गोलीबारी जारी रही। लेकिन इस गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ है।"
पुलिस संत्रास विरोधी जन साधारण समिति (पीसीएपीए) ने हालांकि दावा किया है कि गोलीबारी के दौरान तीन ग्रामीण गोली लगने से घायल हो गए हैं।
वर्मा ने कहा, "हमें तीन ग्रामीणों के घायल होने के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। गोलीबारी एक जंगली इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई थी। आम ग्रामीणों के वहां होने का कोई सवाल ही नहीं उठता। इससे सहज रूप में समझा जा सकता है कि वहां कौन-से लोग थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications