मुरलीधरन ने जताई कांग्रेस में लौटने की इच्छा, राकांपा से निष्कासित
तिरुवनंतपुरम/नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के केरल प्रदेश अध्यक्ष के. मुरलीधरन ने शुक्रवार को कांग्रेस में लौटने की इच्छा जताते हुए कहा कि वे सोनिया गांधी से अपील करेंगे कि उनका निलंबन हटा लिया जाए।
इस बीच मुरलीधरन के पिता के. करुणाकरन ने राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।
तिरुवनंतपुरम में मुरलीधरन ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे कांग्रेस पार्टी से छह वर्षो के लिए निलंबित किया गया था। मैं पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रदेश प्रभारी मोहसिना किदवई से निवेदन करूंगा कि मेरा निलंबन हटा लिया जाए।"
इस बीच राकांपा ने तत्काल निर्णय लेते हुए मुरलीधरन और एम.पी. गंगाधर को पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से निष्कासित कर दिया। मुरलीधरन को वर्ष 2005 में इन्हीं वजहों से कांग्रेस पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।
मुरलीधरन ने कांग्रेस से निलंबन के बाद 2005 में अपने पिता और अन्य समर्थकों के साथ डेमोक्रेटिक इंदिरा कांग्रेस-करुणाकरन का गठन किया था। इसके बाद इस पार्टी का राकांपा में विलय कर दिया था।
करुणाकरन हलांकि वर्ष 2007 में कांग्रेस में लौट आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications