उड़ीसा में वरिष्ठ अधिकारी और परिजन मृत पाए गए
भुवनेश्वर, 31 जुलाई (आईएएनएस)। अनिवासी भारतीय मामलों के मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी जगदानंद पांडा और उनके परिवार के चार सदस्य शुक्रवार सुबह उड़ीसा के बारगढ़ जिले में स्थित अपने आवास में मृत पाए गए।
पांडा (54) भारतीय प्रशासनिक सेवा के उड़ीसा कैडर के अधिकारी थे। वह नई दिल्ली में प्रवासी मामलों के महासंरक्षक के रूप में कार्यरत थे। वह कुछ दिनों पहले ही छुट्टियां बिताने अपने गांव आए थे।
बारगढ़ के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार बिस्वाल ने आईएएनएस को बताया कि अधिकारी के अलावा, उनकी पत्नी, पिता और दो बहनों के शव बरामद किए गए हैं।
बिस्वाल ने कहा, "पांडा की रिवाल्वर भी उनके शव के निकट पाई गई है। हमें संदेह है कि संभवत: परिवार की हत्या करने बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली हो। परंतु जांच के बाद कुछ साफ हो पाएगा।"
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications