मुंगेर में मलेरिया से 7 लोगों की मौत, 300 लोग पीड़ित
मुंगेर के जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ़ डी़ एऩ साहु ने शुक्रवार को बताया कि मुंगेर के खड़गपुर प्रखंड में इस बीमारी से सबसे ज्यादा लोग पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि यह मलेरिया का ही बड़ा रूप है और इस बीमारी में बुखार होता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की टीम सभी प्रभावित गांवों का दौरा कर मरीजों की रक्त जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा रही है।
इस बीच पटना के उप मुख्य मलेरिया पदाधिकारी डा. अरुण कुमार तथा भागलपुर के क्षेत्रीय मलेरिया पदाधिकारी डॉ सुनील दास गुप्ता की टीम पिछले चार दिनों से प्रभावित गांवों का दौरा कर रही है। शुक्रवार को टीम परमानपुर, ओरईया, बारा, मोथितरी, गंगरी आदि गांवों का दौरा किया। इस टीम में शामिल चिकित्सकों का मानना है कि यदि समय से इस रोग के निरोधात्मक कारवाई की जाती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
खड़गपुर प्रखंड में गुरुवार को गंगटी गांव निवासी ननकी सोरेन तथा गटातरी गांव निवासी प्रकाश सहनी की पुत्री दीपा कुमारी की मौत सेरेब्रल मलेरिया से हो गई। इसके पूर्व पिछले एक सप्ताह के अंदर पांच लोगों की मौत इस बीमारी से हो चुकी थी।
इस मामले पर मुंगेर के प्रभारी सिविल सर्जन आबिद हसन ने शुक्रवार को बताया कि इस बीमारी से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 300 लोग पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि मरीजों को इलाज के लिए खड़गपुर प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र तथा मुंगेर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। हसन के मुताबिक मरीजों को मुफ्त दवाएं दी जा रही हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में डीडीटी का छिड़काव कराया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications