छात्रा की अश्लील क्लिपिंग बनाने वाले 3 छात्र गिरफ्तार
लखनऊ, 31 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में 12वीं की एक छात्रा की कथित तौर पर अश्लील क्लिपिंग बनाकर उसे सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट पर डालने के आरोप में पुलिस ने तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है।
जिले के पुलिस अधीक्षक(शहर) राजीव मल्होत्रा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि छात्रा के साथ मेरठ के एक स्कूल में पढ़ने वाले उसके सहपाठियों को उसकी अश्लील क्लिपिंग बनाकर सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट पर डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मल्होत्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता(आईपीसी) की 294, 500 व 292 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने स्वीकार किया है कि कुछ समय पहले स्कूल के एक समारोह में उन्होंने छात्रा को शीतल पेय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया था और मोबाइल फोन से उसकी अश्लील क्लिपिंग तैयार की थी।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा की फर्जी इंटरनेट ई-मेल आईडी तैयार कर उस पर मोबाइल नंबर व पता भी डाल दिया था। इंटरनेट पर क्लिपिंग डालने के बाद छात्रा को फोन पर लोग परेशान करने लगे, जिसके बाद उसने अपने परिजनों से इसकी शिकायत की। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की। उसके बाद इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications