बूटा सिंह का इस्तीफा देने से इंकार (लीड-1)
नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बूटा सिंह ने भ्रष्टाचार के एक मामले में अपने बेटे सरबजोत सिंह उर्फ स्वीटी सिंह की गिरफ्तारी को उनके निजी और राजनीतिक जीवन के खिलाफ षडयंत्र करार देते हुए इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है।
बूटा सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा, "यह मेरे सियासी जीवन पर हमला है। मेरे निजी और सार्वजनिक जीवन को बदनाम करने के लिए यह षडयंत्र रचा गया है।"
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "मैं समझता हूं कि मेरा बेटा दोषी नहीं है। किसी और के इशारे पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। सीबीआई के मुंह में बातें डाली गई है।"
इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा, "मैंने कुछ नहीं किया तो, क्यूं इस्तीफा दूं।"
सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा ने शुक्रवार सुबह बूटा सिंह के बेटे को गिरफ्तार किया था।
उल्लेखनीय है कि स्वीटी सिंह को नई दिल्ली में गुरुवार को कथित तौर पर एक करोड़ रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया था। बाद में उन्हें मुंबई ले जाया गया था। सीबीआई हवाला सहित वित्तीय लेनदेनों के अन्य मामलों में भी सिंह की संलिप्तता का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications