शीर्ष माओवादी नेता की बेटी फ्रांस में गिरफ्तार
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 31 जुलाई (आईएएनएस)। नेपाल की माओवादी पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के प्रभारी चंद्र प्रकाश गजुरेल की बेटी शोभा गजुरेल को बगैर दस्तावेजों के यात्रा करने के आरोप में फ्रांस में गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्हें उत्तरी फ्रांस के लाइल शहर में स्थित लेसक्वीन प्रशासनिक प्रतिधारण केंद्र में रखा गया है, जहां आव्रजन कानूनों का उल्लंघन करने वाले विदेशियों को रखा जाता है।
शोभा फ्रांस-बेल्जियम सीमा पर अपने दोस्तों से मिलने गई थी। इसी दौरान उन्हें पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था। उनके पास आव्रजन कानूनों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं थे।
शोभा ने फ्रांस सरकार से शरण की मांग की थी जिसे अस्वीकार कर दिया गया था। उन्होंने यह कहते हुए दोबारा इसके लिए आवेदन दिया था कि यदि वह नेपाल लौटी तो उनकी जान को खतरा हो सकता है।
बहरहाल, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शोभा की जान को नेपाल में क्यों खतरा है। क्योंकि नेपाल में माओवादी पार्टी अब प्रतिबंधित नहीं है। उनके परिजन और बच्चे भी वहीं रह रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications