26/11: लखवी, जरार शाह ने जुर्म कबूला

पाकिस्तानी अखबार 'द डॉन" ने इस संबंध में खबर प्रकाशित की है। खबर के मुताबिक मुम्बई हमले में लखवी और जरार शाह संभवतः अपनी संलिप्तता कबूल कर चुके हैं। इन दोनों ने यह स्वीकारा था कि हमले के पहले दोनों लाहौर, रावलपिंडी, मुरीदके, कराची और मुज्जफराबाद भी गए थे। हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक इस बात को सार्वजनिक नहीं किया है।
जांचकर्ताओं ने सबूत जुटाए
खबर है कि जांचकर्ताओं ने 26 नवम्बर 2008 को हुए मुम्बई हमलों से जुड़े सीधे तार को पकड़ लिया है, जिससे बिना किसी शक पता चलता है कि इस संगठन ने हमले की सारी तैयारी करने के अलावा धन भी मुहैया करवाया। जांचकर्ताओं ने सबूत के तौर पर पाकेट डायरियां भी बरामद की हैं, जिसमें आरोपियों और उनसे जुड़े अन्य लोगों के नाम लिखे हुए हैं। हमले में कथित रूप से शामिल दोनों भारतीय नागरिक अभी भारत की हिरासत में हैं। हालांकि भारत ने इन हमलों में अपने किसी नागरिक की संलिप्तता से इंकार किया है।
पाकिस्तान सरकार ने भले ही सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा हो, लेकिन यह जरूर है कि भारत को सौंपे गए दस्तावेज में उसने इसके संकेत जरूर दे दिए थे। दस्तावेज में पाक ने कहा था कि मुंबई हमले में नि:संदेह लश्कर का ही हाथ है।


Click it and Unblock the Notifications