आतंकवादी की रिहाई से आईएफजे हैरान
आईएफजे के एशिया प्रशांत क्षेत्र के निदेशक जैकलिन पार्क ने एक बयान जारी कर कहा, "हमें बेहद दुख है कि इतने दिन गुजर जाने के बाद संपादक को हत्या के मामले में न्याय नहीं मिला। "
दास असमी भाषा के प्रमुख दैनिक 'असमिया प्रतिदिन' के कार्यकारी संपादक थे। मई 2006 में गुवाहाटी में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
असम में गुरुवार को दास के कथित हत्यारे और यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट के आतंकवादी मृदुल फूकन की रिहाई के विरोध में एक सामाजिक संगठन 'मानव अधिकार संग्राम समिति' (एमएएसएस) ने राज्य में 12 घंटे का बंद का आह्वान किया गया था।
बंद के कारण राज्य में जनजीवन प्रभावित हुआ। एमएएसएस ने दास की हत्या मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कथित संदेहास्पद भूमिका पर सवाल उठाया है। हत्या मामले में फूकन को अदालत ने मंगलवार को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया था।
एमएएसएस ने सीबीआई पर आरोप लगाया कि उसकी संदिग्ध भूमिका के कारण ही फूकन को रिहा किया गया है। एमएएसएस के नेता लाछित बोरदोलोई ने कहा, "सुबह पांच बजे से 12 घंटे के बंद का आह्वान दास हत्याकांड में सीबीआई जांच में हुई गड़बड़ी के विरोध में किया गया। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने दास के हत्यारे को पहचान लिया था लेकिन सीबीआई आरोप तय करने में विफल रही। "
बंद का समर्थन कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने भी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications