मैं किसी भी समय वापस आ सकता हूँ : हुसैन
लंदन, 30 जुलाई (आईएएनएस)। आठ सालों से स्वनिर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे कलाकार एम.एफ. हुसैन ने कहा कि देश में बदलते राजनीतिक परिदृश्य में मेरे वापस आने की संभावना को बढ़ गई है। हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने भी हुसैन के पक्ष में आदेश जारी किया है।
आठ सालों से दुबई और लंदन में काम कर रहे चित्रकार हुसैन ने बुधवार को कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला उनके पक्ष में आ चुका है।
लंदन के नेहरू सेंटर में श्रोताओं के समक्ष हुसैन ने कहा कि मैंने यह कभी नहीं कहा कि मैं वापस नहीं जाउंगा। मैं यह महसूस करता रहा हूं कि यह उचित समय नहीं है क्योंकि राजनीतिक परिदृश्य बदलता रहता है। मैं हमेशा आशा करता हूं कि परिदृश्य स्पष्ट होगा और मैं लौटूंगा।
उनसे जब पूछा गया कि क्या नयी सरकार ने उनके वापस लौटने के लिए कुछ कदम उठाये हैं? तो उन्होंने कहा कि मेरे लौटने पर कोई रोक नहीं है। मैं पिछले 60 सालों से देश के बाहर काम कर रहा हूँ और किसी भी समय वापस लौट सकता हूँ।
94 साल के अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिलब्ध चित्रकार हुसैन उस समय विवादित हुए जब उन्होने हिंदू देवियों की नग्न पेंटिंग बनाईं। इसके बाद हिंदूओं के कुछ संगठनों ने हुसैन के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन किया था।
सितंबर 2008 में सर्वोच्च न्यायालय ने हुसैन के पक्ष में फैसला सुनाया। उन पर अपनी पेंटिंग द्वारा आम जनता की भावनाओं से खिलवाड़ का आरोप था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications