मऊ में तनाव व्याप्त, 8 लोगों की मौत की पुष्टि
आजमगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक के.के.तिवारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि झ्झड़प के दौरान हुई गोलीबारी में चार लोग मारे गए हैं लेकिन यह अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इन सभी की मौत पुलिस की गोली से हुई, क्योंकि झ्झड़प के दौरान भीड़ की ओर से भी गोलीबारी की जा रही थी।
तिवारी ने कहा कि मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके बाद ही साफ हो पाएगा कि उनकी मौत किसकी गोली लगने से हुई। उन्होंने बताया कि अब तक कुल आठ मौतें हुई हैं, जिसमें चार की मौत ट्रक से कुचलकर और चार की गोली लगने से हुई।
इस बीच गुरुवार को हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी के आरोप में पुलिस ने 23 उपद्रवियों के खिलाफ नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तिवारी ने कहा कि उपद्रवियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक(कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती में किसी तरह की कमी नहीं की गई है। शहर में पुलिस बल के अलावा दो कंपनी त्वरित कार्य बल (आरएएफ), दो कंपनी प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) को तैनात किया गया है।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक विद्यासागर मिश्रा के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब एक बजे शहर के एक अत्यंत भीड़भाड़ वाले इलाके में एक अनियंत्रति ट्रक घुस आया। ट्रक की चपेट में आकर एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। आक्रोषित लोगों द्वारा ट्रक का पीछा किया गया, इस दौरान आठ लोग घायल हो गए। ट्रक की चपेट में आए एक व्यक्ति ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक और उसके सहायक को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ द्वारा पुलिस से मांग की जाने लगी कि दोनों को उनके हवाले किया जाए। पुलिस ऐसा न करके उन्हें थाने ले आई। इस दौरान कुछ अराजक तत्वों द्वारा खबर फैला दी गई कि ट्रककी चपेट में आकर 12 लोग मारे गए हैं, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई और उसने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया, इस दौरान कई पुलिस अधिकारियों को भी चोटें आईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications