दिल्ली में जलजमाव के लिए 50 वर्षो की खराब योजना जिम्मेदार : एनडीएमए
नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलजमाव की समस्या खड़ी होने पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) का कहना है कि इसके लिए पिछले पांच दशकों की खराब योजना उत्तरदायी है।
एनडीएमए के उप चेयरमैन जनरल एन. सी. विज ने आईएएनएस से कहा, "50 वर्षो की खराब योजना को एक दिन में नहीं सुधारा जा सकता।"
दिल्ली के कई इलाकों में पानी जमा होने का हवाला देते हुए विज ने कहा, "यह दिल्ली के लिए एक मुश्किल भरा दिन था। शहरी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति का पैदा होना चिंता की बात है।"
दिल्ली में 1,500 नालों पर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके बावजूद सोमवार की बारिश के बाद अधिकारियों के लिए जवाब दे पाना कठिन था। इस दिन 126 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पूर्व सेना प्रमुख विज ने कहा, "समस्या यह है कि संबंधित विभाग की ओर से नालों की सफाई तो की जाती है लेकिन मिट्टी और कूड़ा नाले के बगल में ही रख दिए जाते हैं। ऐसे में जब भी बारिश होती है तो मिट्टी और कूड़ा फिर से नाले में चले जाते हैं।"
विज के सहयोगी लेफ्टिनेंट जनरल जे. आर. भारद्वाज ने कहा, "इस संबंध में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की जिम्मेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications