अंबानी विवाद की गूंज संसद में

देश के प्रमुख उद्योगपतियों अंबानी बंधुओं के बीच विवाद और आरोप प्रत्यारोप का मामला आज संसद में उठा और तीन बार सदन को स्थगित करना पड़ा.
मुकेश और अनिल अंबानी की कंपनियों के बीच गैस की आपूर्ति को लेकर विवाद चल रहा है और इसी मुद्दे पर अनिल ने तेल मंत्रालय पर आरोप लगाया था कि वो मुकेश के इशारे पर काम कर रही है.
इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा के इस्तीफ़े की मांग की. इस मांग को लेकर सदस्यों ने शोर किया और सदन को तीन बार स्थगित करना पडा.
समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव का कहना था, '' यह सब एक व्यक्ति को फ़ायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है. हमें अनिल अंबानी से कोई मतलब नहीं है लेकिन किसी एक को तेल मंत्रालय फ़ायदा पहुंचाए. ये सही नहीं है. ''
मामले पर तीन बार सदन की बैठक स्थगित होने के बाद संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर सोमवार को संसद में बयान देगी.
क्या है विवाद
अनिल अंबानी का कहना है कि उनके बड़े भाई की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्री लिमिटेड (आरआईएल) कृष्णा-गोदावरी कछार से निकलने वाले प्राकृतिक गैस में से उनकी कंपनी कंपनी रिलायंस नेचुरल रिसोर्सेस लिमिटेड (आरएनआरएल) को उसका हिस्सा नही दे रही है.
अपनी कंपनी के शेयरधारकों को संबोधित करते हुए अनिल ने मंगलवार को कहा था कि तेल और प्राकृतिक गैस मंत्रालय को उनकी कंपनी और उनकी भाई की कंपनी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का पता था लेकिन मंत्रालय अनावश्यक ढंग से इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुँच गया.


Click it and Unblock the Notifications