तेहरान में बंदियों को रिहा किया गया, मगर सुधारवादियों को नहीं : रिपोर्ट
तेहरान, 29 जुलाई (आईएएनएस)। ईरान सरकार ने मंगलवार को जिन 140 कैदियों को रिहा किया है, उनमें एक भी सुधारवादी नेता शामिल नहीं हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सरकारी आंकड़े में कहा गया है कि 12 जून को हुए राष्ट्रपति चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान 1,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनमें से लगभग 300 लोग अभी भी जेल में हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कम से कम 20 लोगों के मारे जाने की खबर है।
प्रदर्शनकारियों के अलावा पत्रकारों और असंतुष्टों, कई सारे सुधारवादी पूर्व मंत्रियों और सांसदों को भी जेल में ठूंस दिया गया था।
बंदियों के भविष्य को लेकर बढ़ती चिंताओं और न्यायपालिका के प्रमुख अयातुल्लाह महमूद हासमी शाहरुदी द्वारा हल्के आरोपों वाले कैदियों को जमानत पर रिहा करने का आदेश जारी करने के बाद मंगलवार को 140 कैदियों को रिहा कर दिया गया।
समाचार पत्र दैनिक एटमांड ने खबर दी है कि रिहा किए गए बंदियों में ज्यादातर प्रदर्शनकारी शामिल हैं। लेकिन उनमें एक भी सुधारवादी शामिल नहीं है।
अखबार के अनुसार सुधारवादियों को मध्य ईरान के इसफहान शहर में स्थानांतरित कर दिया गया है।
इस बीच सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने खबर दी है कि गिरफ्तार 20 प्रदर्शनकारियों पर अगले सप्ताह मुकदमा शुरू किया जाएगा। इन 20 प्रदर्शनकारियों पर आतंकियों के साथ संबंध होने का आरोप है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications