जयपुर की पूर्व महारानी गायत्री देवी का निधन (लीड-1)
सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद उन्हें मंगलवार को यहां के संतोकबा दुर्लभजी मेमोरियल हॉस्पिटल (एसडीएमएच) में भर्ती करवाया गया था।
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह उनकी हालत बिगड़ गई और उन्हें जीवन रक्षक यंत्र पर रखना पड़ा। उन्होंने अपराह्न् लगभग चार बजे अंतिम सांस ली।
उनके शव को उनके सौतेले बेटे भवानी सिंह के जयपुर स्थित आवास, सिटी पैलेस ले जाया गया है। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को 2.30 बजे किए जाने की संभावना है।
अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, "उन्हें लंदन में पेट में गैस की समस्या पैदा हो गई थी। उसके बाद उन्होंने स्वदेश वापसी की इच्छा जताई और उन्हें हवाई एंबुलेंस से 17 जुलाई को जयपुर लाया गया। उसके बाद से वह एसडीएमएच में भर्ती थीं, जहां गैस की समस्या का सफलतापूर्वक इलाज कर दिया गया था।"
अधिकारी ने कहा, "लेकिन मंगलवार को उन्होंने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की और उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी हालत बिगड़ती गई और उनका निधन हो गया।"
एक दिन पहले ही फिल्म अभिनेत्री लीला नायडू का निधन हुआ है। ये दोनों महिलाएं अपने समय में दुनिया की 10 सबसे खूबसूरत महिलाओं में शुमार थीं।
गायत्री देवी का जन्म 23 मई 1919 को एक शाही परिवार में हुआ था। वह कूच बिहार राज्य के महाराजा की बेटी थीं। कूच बिहार फिलहाल पश्चिम बंगाल का हिस्सा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications