साझा वक्तव्य को रद्दी की टोकरी में फेंक दीजिए : मुलायम
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के हाल के विदेश दौरों पर लोकसभा में नियम 193 के तहत शुरू हुई चर्चा में भाग लेते हुए मुलायम ने कहा, "साझा बयान से पाकिस्तान को लाभ हुआ है और हमें नुकसान। यह संदेश देश भर में चला गया है। आप लाख सफाई देते रहिए। यह सरकार पारम्परिक विदेश नीति से हटी है।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्रीजी जनता साथ है, सेना तैयार है। बेपरवाह होकर आप इस साझा वक्तव्य को रद्दी की टोकरी में फेंक दीजिए।"
उन्होंने यह सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री ने खुद यह आश्वासन दिया था कि जब तक सीमापार आतंकवाद नहीं रूकेगा और पाकिस्तान अपनी सरजमीं से आतंकवादी गतिविधियों को नहीं खत्म करेगा तब तक पाकिस्तान के साथ वार्ता नहीं होगी। पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के साथ हुई मुलाकात में प्रधानमंत्री ने इस रुख को बरकरार रखा लेकिन शर्म अल-शेख में वह वार्ता के लिए क्यों तैयार हो गए।
मुलायम ने कहा, "पाकिस्तान के साथ जब युद्ध होता है तो हम जीत जाते हैं लेकिन बातचीत होती है तो हम हार जाते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications