अमेरिका निर्मित उपग्रह व्यावसायिक शर्तो पर लांच किए जाएंगे
बेंगलुरू, 29 जुलाई (आईएएनएस)। हाल में हुए प्रौद्योगिकी सुरक्षा समझौते (टीएसए) ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से अमेरिका निर्मित उपग्रहों को लांच करने का रास्ता साफ कर दिया है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष जी.माधवन नायर ने यहां आईएएनएस को बताया, "अमेरिका के साथ अंतरिक्ष सहयोग सरकार के एजेंडे में सर्वोपरि है। हमने अमेरिका के विदेश विभाग के साथ टीएसए पर हस्ताक्षर किया है। इसने हमें व्यावसायिक शर्तो पर अमेरिका निर्मित उपग्रहों और अमेरिकी कल-पुरजों वाले उपग्रहों की लांचिंग के लिए अधिकृत कर दिया है।"
ज्ञात हो कि अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा की उपस्थिति में 20 जुलाई को टीएसए पर हस्ताक्षर किया गया था।
इस समझौते के पहले गैर व्यावसायिक उपग्रहों के इस्तेमालकर्ताओं को अमेरिकी प्रशासन से मंजूरी के लिए इंतजार करना पड़ता था।
नायर ने एक कार्यक्रम के बीच समय निकाल कर कहा, "टीएसए ने इस व्यवस्था को आसान बना दिया है। अमेरिका से उपग्रहों को भारत लाया जाएगा और हम आपसी मान्य व्यावसायिक शर्तो पर उसे अपनी प्रक्षेपण सेवा मुहैया कराएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications